केन्द्रीय विद्यालय गोपेश्वर में चमोली पुलिस का यातायात जागरूकता अभियान
गोपेश्वर,केन्द्रीय विद्यालय गोपेश्वर में यातायात पुलिस चमोली द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यालय के विशेष आमंत्रण पर पहुंची यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
यातायात उप निरीक्षक दिगंबर उनियाल ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की अहमियत समझाई। उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे यातायात नियमों का पालन सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करता है और दुर्घटनाओं को रोकने में मददगार होता है।
उ0नि0 यातायात ने विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खतरों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार, नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं है और ऐसा करना बेहद खतरनाक हो सकता है। उन्होंने छात्रों को सचेत करते हुए कहा कि वे स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और नाबालिग द्वारा वाहन चलाने से बचें।
इसके अलावा, यातायात पुलिस ने छात्रों को विभिन्न अन्य यातायात नियमों, जैसे हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, ओवर स्पीड से बचने आदि के बारे में भी जानकारी दी।
यह जागरूकता अभियान छात्र-छात्राओं के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ। छात्रों ने यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को गंभीरता से लिया और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
इस दौरान कां0 जोगेन्द्र व कां0 राहुल जोशी मौजूद रहे।