मंदिर

दोषी पाये जाने पर जांच में किसी को बख्शा नहीं जायेगा:हेमंत द्विवेदी

दोषी पाये जाने पर जांच में किसी को बख्शा नहीं जायेगा:हेमंत द्विवेदी
जांच में तथ्य पेशकर कर समिति का सहयोग करे आरोप लगाने वाले
अध्यक्ष बोले मंदिर का चढ़ावा हर दिन बैंक में जमा होता है
ऋषिकेश। बदरी-केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा है कि मंदिर में चढ़ावा प्रकरण की जांच को चार सदस्यीय कमेटी जांच कर रही है। समिति मामले में जांच को लेकर गंभीर है। दोषी पाये जाने पर जांच में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जिन कर्मचारियों पर संदेह है, उनकी पिछले कुछ वर्षों की वित्तीय स्थिति, संपत्ति के विवरण की भी जांच की जाएगी।
सोमवार दोपहर मंदिर समिति के ऋषिकेश स्थित कार्यालय में बातचीत में मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंद द्विवेदी ने कहा कि चढ़ावा की गणना में गड़बड़ी के जो आरोप लगे है उसकी जांच हो रही है। मंदिर में लगे सभी कैमरे भी देखे जा रहे है। एक सप्ताह से दस दिन के भीतर समिति जांच की रिपोर्ट पेश करेगी। मंदिर में किसी भी साक्ष्य से छेड़छाड़ न करने के निर्देश दिए गए है। इसके लिये अतिरिक्त कैमरे भी मंदिर में लगाए गए है।
उन्होंने बताया कि मंदिर समिति में भर्ती प्रक्रिया 1939 में बने मंदिर एक्ट के तहत होती है। स्वीकृत पदों के अनुरूप पदों की भर्ती होती है। इसमें स्थाई और अस्थाई पद होते हैं। स्थाई कर्मचारियों को तय ग्रेड-पे के अनुसार वेतन दिया जाता है। अस्थाई कर्मचारियों के लिए भी तय मानक हैं। मंदिर समिति के पास 47 मंदिर, गेस्ट हाउस और सात संस्कृत विद्यालय हैं। चढ़ावा हर दिन बैंक में जमा होता है। इसमें बैंक के प्रतिनिधि, गणना अधिकारी और तीर्थयात्री भी शामिल होते हैं। द्विवेदी ने बताया कि निकली नकदी का मिलान उस दिन की रसीद और बैंक में जमा की गई राशि के साथ किया जाता रहा है। अभी तक रसीद बुक में कोई ओवरराइटिंग नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जांच में तथ्य पेशकर कर शिकायतकर्ता को भी समिति का सहयोग करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button