जीजा को भी मारी गोली, गंभीर रूप से घायल
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात बहनों के बर्ताव से नाखुश एक युवक ने अपनी दो शादीशुदा सगी बहनों और जीजा को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पीठ में गोली लगी है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। देर रात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात आरोपी विक्की (28) निवासी चुड़ियाला भगवानपुर ने सेक्टर रोड गणेशपुर में रह रही अपनी सगी बहन संगीता (50) को गोली मार दी। गोली लगने से संगीता की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पनियाला रोड स्थित गली नंबर पांच में किराये पर रह रही दूसरी बहन पुष्पा के घर पहुंचा। उसने वहां पुष्पा (40) और उसके पति संदीप (45) को भी गोली मार दी। गोली लगने से पुष्पा की भी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। संदीप के पीठ में गोली लगी है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
दो स्थानों पर गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस दोनों जगह घटनास्थल पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि आरोपी विक्की ने अपनी दोनों सगी बहनों और जीजा को गोली मारी है। दोनों बहनों की मौत हो गई है। जीजा घायल है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। देर रात पुलिस ने दबिश देकर आरोपी विक्की को गिरफ्तार कर लिया है।