महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष समेत 35 पर केस
-आयुर्वेदिक विवि में पानी की टंकी पर चढ़ने का मामला
ऋषिकेश। हर्रावाला में आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय में पानी की टंकी पर चढ़ने के मामले में पुलिस ने चार छात्रों और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष समेत 35 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इसमें छात्रों के टंकी पर चढ़ने के बाद आत्महत्या की धमकी देने को लेकर कार्रवाई की है।
डोईवाला कोतवाली पुलिस के मुताबिक यह घटना दो सितंबर की है। उपनिरीक्षक कमलेश गौड़ ने तहरीर देकर बताया कि छात्र प्रशांत, अनिकेत, साक्षी और गार्गी पानी की टंकी पर चढ़े। उन्होंने टकी से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। जबकि मोहित उनियाल और प्रकाश नेगी व 25 अज्ञात लोगों ने उत्तेजक नारेबाजी की। अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। बहसबाजी करते हुए पुलिस के काम में बाधा डाली।
तहरीर पर पुलिस ने महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत छात्र मोहित उनियाल, प्रकाश नेगी, विनीत भट्ट उर्फ बंटू, आयुष गुप्ता, रोबिन त्यागी, प्रशांत, अनिकेत, साक्षी और गार्गी को नामजद व 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाल राकेश गुसाईं ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि 2 सितंबर की रात छात्रों के पानी की टंकी पर चढ़ने से माहौल गर्मा गया था। छात्र मांगों को लेकर कार्रवाई नहीं होने से नाराज थे।