दुर्घटना

ऋषिकेश बस हादसे में गढ़वाल विवि के चार विद्यार्थी घायल, सभी खतरे से बाहर

*ऋषिकेश बस हादसे में गढ़वाल विवि के चार विद्यार्थी घायल, सभी खतरे से बाहर*

ऋषिकेश । ऋषिकेश के निकट मंगलवार तड़के हुए बस हादसे में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चार विद्यार्थी घायल हो गए। सभी घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार चारों विद्यार्थी खतरे से बाहर हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने संज्ञान लेते हुए घायल विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर विश्वविद्यालय की टीम एम्स ऋषिकेश पहुंची और चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रशासन से समन्वय कर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
विश्वविद्यालय की टीम में डॉ. अमरजीत परिहार, डॉ. साकेत भारद्वाज, डॉ. पुनीत वालिया, डॉ. अनुराग गोयल और जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा शामिल रहे। टीम ने घायल विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं संरक्षकों से भी संपर्क कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।
घायलों में खुशी भट्ट (बीएससी द्वितीय वर्ष), प्रत्युष सिंह (बीफार्मा चतुर्थ वर्ष), राहुल कुमार (बीफार्मा चतुर्थ वर्ष) और सागर दुबे (पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, प्रथम वर्ष) शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार चारों विद्यार्थियों को चोटें आई हैं, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
कुलपति ने विद्यार्थियों के समुचित उपचार और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button