
गाजियाबाद। यति सन्यासियो के आमरण अनशन स्थल पर शिवशक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर व श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी ने प्रेस को सम्बोधित किया। उन्होंने पुलिस द्वारा आमरण अनशनरत सन्यासियो के टेंट उखाड़ने को बहुत ही बचकानी और ओछी हरकत करार दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के अहंकार और अधिकारियों की नासमझी हमे हमारे बलिदान के लिये मजबूर कर रही है। कहा अगर उनकी मृत्यु निश्चित है तो वे कीड़े मकोड़े की मौत नहीं मरेंगे बल्कि आगे बढ़कर अपना बलिदान देंगे। कहा वे स्वतंत्र नागरिक है, कोई गुलाम नहीं। शांतिपूर्ण धरने प्रदर्शन की स्वतंत्रता तो अंग्रेज भी देते थे। अंग्रेजों के बाद अन्य राजनैतिक दलों ने नागरिकों की इस स्वतंत्रता को नहीं छीना तो ये कैसे छीन सकते हैं?
उन्होंने यह भी कहा कि उनके शिष्य बिल्कुल शांतिपूर्ण तरीके से केंद्रीय मंत्री के आवास पर ज्ञापन लेकर गए थे। केंद्रीय मंत्री के कर्मचारियों ने ज्ञापन लेने से मना कर दिया। अगर उनके कर्मचारी ज्ञापन ले ही लेते और कुछ आश्वासन दे देते तो ये सब नहीं होता परन्तु इसके स्थान पर उन्होंने हमें अधिकारियों के द्वारा डराना और धमकाना शुरू कर दिया।
प्रेस वार्ता में यति रामस्वरूपानन्द ने कहा कि अगर पुलिस प्रशासन हमे शांतिपूर्ण अनशन नहीं करने देगा तो हम योगी के आवास पर सामुहिक अग्निसमाधि ले लेंगे।