यमुनोत्री धाम के कपाट10 मई को सुबह 10.29 बजे खुलेंगे
उत्तरकाशी । यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शुक्रवार 10 मई को सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। जिसके बाद श्रद्धालु ग्रीष्मकाल के अगले 6 माह तक मां यमुना के दर्शन यमुनोत्री धाम में कर सकेंगे। रविवार को यमुना जयंती के पावन पर्व पर मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) यमुना मंदिर में श्री यमुनोत्री मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहित महासभा द्वारा यमुनोत्री धाम के कपाट खोलने का शुभ मुहूर्त तय किया गया। मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम के कपाट वैशाख शुक्ल अक्षय तृतीया के पर्व पर 10 मई 2024 को रोहिणी नक्षत्र व कर्क लग्न पर पूर्वाह्न 10 बजकर 29 मिनट पर विधिवत पूजा अर्चना के बाद खोल दिए जाएंगे। इसी दिन प्रातः 6 बजकर 29 मिनट पर मां यमुना की उत्सव डोली शनिदेव महाराज की डोली की अगुवाई में खुशीमठ से यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं दूसरी ओर गंगोत्री धाम के कपाट भी इसी दिन 12:25 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुल जायेंगे।
0 5 1 minute read