अल्मोड़ा,
अल्मोड़ा में ताकुला के पोखरी गांव की भागुली देवी (48) पत्नी राजेंद्र सिंह सुबह के समय गाय के साथ घर से 100 मीटर दूर पहुंची थी। इसी बीच घात लगाए तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। दोनों के बीच दो मिनट तक चले संघर्ष के बाद चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। भीड़ देखकर तेंदुआ भाग खड़ा हुआ और महिला की जान बच सकी। ग्रामीणों और परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि तेंदुए ने अपने पंजों से महिला के शरीर पर गहरे घाव किए हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर है। दिन-दहाड़े गांव के नजदीक तेंदुए के महिला पर हमले की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है।