राष्ट्रीय खेलों के लिए हर व्यवस्था हो बेहतरीन :राज्यपाल
देहरादून,
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कहा कि पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। इस राष्ट्रीय आयोजन की हर व्यवस्था को बेहतर से बेहतर रूप दिया जाए। मंगलवार को राजभवन में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आयोजन के दौरान पूरे प्रदेश में एक खेल वातावरण तैयार किया जाय। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर देगा बल्कि राज्य की संस्कृति और उत्पादों को प्रदर्शित करने का मंच भी बनेगा।
राज्यपाल ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन में स्कूल और कॉलेज के छात्रों को भी शामिल करने का सुझाव दिया। साथ ही आईटीडीए को इस आयोजन से संबंधित सूचनाओं के लिए एक डैशबोर्ड बनाने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने खिलाड़ियों और आयोजकों के लिए सभी व्यवस्थाएं, खिलाड़ियों के रहने, खान-पान, परिवहन और आयोजन स्थलों पर पहुंचने की सभी व्यवस्था को बेहतरीन बनाने पर जोर दिया। आयोजन स्थलों पर चिकित्सा सुविधाओं का पुख्ता इंतजाम किया जाएं और आयोजन का प्रबंधन व योजना बेहतर हों और एसओपी भी तैयार की जाय। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने अब तक की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि कि राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, और तय समय से पूर्ण कर ली जाएंगी।
बैठक में प्रमुख सचिव एल फैनई, सचिव विनोद कुमार सुमन, डीआईजी जन्मजेय खंड़ूरी, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया, डीजी-सूचना बंशीधर तिवारी, अपर सचिव मनुज गोयल, अपर सचिव नितिका खण्डेलवाल, निदेशक- खेल प्रशांत आर्या आदि मौजूद रहे।