सीएम ने पार्टी मुख्यालय में निकाय चुनाव के लिए संकल्प पत्र का किया विमोचन
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में निकाय चुनाव के लिए भाजपा के संकल्प पत्र का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र उत्तराखंड के विकास की गारंटी है। उत्तरायण के बाद शुभ समय शुरू हो गया है। पहली शुभ सूचना प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार बनने की आ रही है।
पूर्वाह्न बलवीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा के संकल्प पत्र के साथ ही प्रदेश के सभी 11 नगर निगमों के संकल्प पत्र का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र न केवल शहरी विकास के प्रति ट्रिपल इंजन सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है, बल्कि आने वाले पांच वर्षों के लिए भाजपा की एक ठोस और भरोसेमंद गारंटी भी है। यह संकल्प पत्र हमारे नेतृत्व और हमारी निष्ठा का प्रमाण है, जो जनता के समग्र विकास और समृद्धि की दिशा में उठाए गए प्रत्येक कदम को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, चाहे वह शहरी हो या ग्रामीण, आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है और उन्हें जीवन की उच्चतम गुणवत्ता प्रदान करना है। संकल्प पत्र न केवल विकास योजनाओं का खाका प्रस्तुत करता है, बल्कि यह भाजपा की कार्यशैली और पारदर्शिता को भी साबित करता है।