खेल

38वें राष्ट्रीय खेल में दूसरे दिन हुए ट्राइथलॉन के मिक्स रिले इवेंट

 

-38वें राष्ट्रीय खेल में दूसरे दिन हुए ट्राइथलॉन के मिक्स रिले इवेंट

हल्द्वानी।
38वें राष्ट्रीय खेल के तहत हल्द्वानी में सोमवार को हुए ट्राइथलॉन के मिक्स रिले टीम इवेंट में भी महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक कब्जाया। वहीं मध्य प्रदेश की टीम रजत के साथ राष्ट्रीय खेल में अपना दूसरा पदक जीतने में सफल रही। तमिलनाडु ने कांस्य पदक जीतने के साथ पदक तालिका में अपना खाता खोला।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के मानसखंड तरणताल से ट्राइथलॉन खेल के दूसरे इवेंट मिक्स रिले टीम की शुरुआत हुआ। टीम इवेंट में 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। टीम मुकाबले में कुल 1 किमी स्वीमिंग, 40 किमी साइकिलिंग और 10 किमी रनिंग कराई गई। सबसे पहले 250 मीटर स्वीमिंग में महाराष्ट्र के पार्थ सचिन मिरागे ने 3.44 मिनट का समय लिया और इसके बाद 16.29 मिनट में 10 किमी साइकिलिंग और 9.11 मिनट में ढाई किमी दौड़ पूरी कर सबसे पहले अपनी साथी खिलाड़ी डॉली देवीदास पाटिल को पास दिया। डॉली ने 34.44 मिनट में तीनों इवेंट स्वीमिंग, साइकिलिंग और दौड़ पूरे कर कौशिक विनय मलंदकर को पास किया। कौशिक ने 32.13 मिनट में इवेंट पूरे किए और लीड बरकरार रखी। अंत में मानसी विनोद मोहिते ने 34.33 मिनट का समय लेकर रेस पूरी की। महाराष्ट्र की टीम ने कुल 2 घंटा 12 मिनट और 6 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं मध्य प्रदेश के अंकुर चाहर, ध्रुविशा पवार, रोशन गोंड, आदया सिंह की टीम ने 2 घंटे 12 मिनट, 41 सेकंड का समय लेकर रजत जीता। तमिलनाडु के आकाश पी, कीर्थी एस, साई लोहीताक्ष केडी और आरथी एस की जोड़ी ने 2 घंटे 14 मिनट 8 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता।

मिक्स टीम इवेंट में महाराष्ट्र की हैट्रिक
महाराष्ट्र ने लगातार तीसरे राष्ट्रीय खेल में मिक्स टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल की है। इससे पहले 36वें राष्ट्रीय खेल और 37वें राष्ट्रीय खेल में महाराष्ट्र स्वर्ण पदक जीत चुका है। टीम के कोच कमलेश नागरकर ने बताया कि महिला वर्ग में बीते साल रजत पदक जीता था और इस बार स्वर्ण व रजत दोनों जीते हैं। इस बार स्वर्ण जीतने वाली डॉली, 37वें राष्ट्रीय खेल में रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम में थीं। इस बार उन्हें मौका मिला और वह स्वर्ण जीतने में सफल रहीं। मिक्स रिले टीम में भी यह तीसरा स्वर्ण है। कहा कि पुरुष वर्ग में पदक की उम्मीद नहीं थी, लेकिन इस बार पदक मिल गया है।

11वें नंबर पर उत्तराखंड
मिक्स टीम इवेंट में उत्तराखंड की टीम 11वें स्थान पर रही। टीम ने 2 घंटा 52 मिनट का समय लिया। इवेंट की शुरुआत संजय रावत ने की और 40.52 मिनट में पहला राउंड पूरा किया। इसके बाद गरिमा शर्मा ने 46.43 मिनट, रंजीत सिंह रावत ने 38.50 मिनट ने अपना राउंड पूरा किया। अंत में प्रियंका माजिला ने 45.33 मिनट का समय लिया। टीम इवेंट में उत्तराखंड की टीम स्वीमिंग में पिछड़ने के कारण टॉप 10 में शामिल नहीं हो सकी। महिला तैराकों ने 250 मीटर की दूरी तय करने में 8 मिनट से अधिक समय लिया, जिसे साइकिलिंग और रनिंग में खिलाड़ी कवर नहीं कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button