कोर्ट का निर्णय आने के बाद के बाद चैंपियन प्रकरण पर पार्टी स्तर पर निर्णय होगा
देहरादून,
खानपुर विधायक उमेश कुमार के साथ विवाद के बाद न्यायिक हिरासत में चल रहे खानपुर के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के मामले में भाजपा कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार इस मामले में न्यायालय जो आदेश देगा, पार्टी उसके अनुसार आगे कार्यवाही करेगी।
चैंपियन को विधायक उमेश के रुड़की कार्यालय में हमला और गोलीबारी करने के आरोप में पुलिस ने 26 जनवरी को गिरफ्तार किया था। तब से चैंपियन न्यायिक हिरासत में हैं। इस मामले में जहां हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया हुआ है, वहीं भाजपा प्रदेश नेतृत्व फूंक फूंक कर कदम उठा रहा है। भाजपा पार्टी की छवि से जुड़े विषयों में कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए जानी जाती है। लेकिन इस मामले में पार्टी वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं। एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि इस मामले में सरकार और संगठन दोनों का रुख बिलकुल साफ है। प्रदेश में कानून सभी के लिए एक समान है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि कानून के उल्लंघन की अनुमति किसी को दी जाएगी। और, इसका सख्ती से पालन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून की नजर में सभी लोग एक समान है। कानून अपना काम कर रहा है।