उत्तराखंड 14 स्वर्ण पदकों के साथ छठे पायदान पर पहुंचा
उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में शनिवार को अपना सर्वश्रेष्ठ स्वर्णिम प्रदर्शन किया। मॉर्डन पेंटाथलॉन की अलग-अलग स्पर्धाओं में पांच स्वर्ण और ताइक्वांडो में एक स्वर्ण पपदक जीतकर उत्तराखंड पदक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य ने खेलों में मामले में कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। फिलहाल उत्तराखंड को कुल 62 पदक मिल चुके हैं। इनमें 14 स्वर्ण, 22 रजत और 26 कांस्य पदक शामिल हैं। इधर, सर्विसेज 42 स्वर्ण पदकों के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। कर्नाटक लगातार दूसरे स्थान पर बना हुआ है और वह अब तक 30 स्वर्ण पदक जीत चुका है।
शुक्रवार को उत्तराखंड ने एक ही दिन में सर्वाधिक गोल्ड मेडल जीतने का इतिहास रचा था, अब राज्य के नाम पर शनिवार को एक और रिकॉर्ड जुड़ गया। एक दिन में उत्तराखंड ने छह स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मॉर्डन पेंटाथलॉन में पांच स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वहीं, ताइक्वांडो में भी एक और स्वर्ण मिला। शनिवार शाम तक राज्य के स्वर्ण पदकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। पदक तालिका में भी उत्तराखंड ने 11वें से छठे स्थान पहुंच गया है। पदक तालिका में तमिलनाडु और मणिपुर से उत्तराखंड को कड़ी चुनौती मिल रही है। तमिलनाडु 14 स्वर्ण पदकों के साथ सातवें और मणिपुर 12 स्वर्ण पदकों के साथ आठवें स्थान पर है। दोनों ही राज्य रजत पदक के मामले में भी उत्तराखंड से पीछे हैं। तमिलनाडु के 19 और मणिपुर के 12 रजत पदक हैं। पदक तालिका में सर्विसेज, कर्नाटक के अलावा महाराष्ट्र 25, मध्य प्रदेश 19, हरियाणा 18 स्वर्ण पदक के साथ उत्तराखंड से ऊपर बने हुए हैं। उत्तराखंड को एथलेटिक्स के फील्ड और ट्रैक की स्पर्धाओं में अभी बेहतर पदकों की उम्मीद है।
राष्ट्रीय खेलों का मेजबान होने की वजह से जहां खिलाड़ियों को मैदान पर दर्शकों का भरपूर साथ मिल रहा है, वहीं खिलाड़ियों के सामने अपने होम ग्राउंड पर बेहतर करने का जज्बा भी नजर आ रहा है। यही वजह है कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है और पदक तालिका में वह दिल्ली, यूपी, केरल, पंजाब जैसे राज्यों से ऊपर चल रहा है।
राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका
राज्य स्वर्ण रजत कांस्य कुल
सर्विसेज 42 16 13 71
कर्नाटक 30 12 16 58
महाराष्ट्र 25 42 46 113
मध्य प्रदेश 19 13 18 50
हरियाणा 18 26 28 72
उत्तराखंड 14 22 26 62
तमिलनाडु 14 19 21 54
मणिपुर 12 12 14 38
दिल्ली 11 11 18 40
केरल 11 09 14 34
उत्तर प्रदेश 10 11 08 29
पंजाब 08 09 19 36
राजस्थान 07 07 17 31
पं. बंगाल 07 07 11 25
झारखंड 07 06 08 21
ओडिशा 06 09 11 26
अंडमान 05 03 02 10
अरुणाचल 04 03 05 12
आंध्र प्रदेश 04 01 05 10
असम 03 15 15 33
चंडीगढ़ 03 05 04 12
गुजरात 03 04 11 18
जम्मू कश्मीर 03 02 04 09
छत्तीसगढ़ 03 01 06 10
गोवा 02 03 02 07
हिमाचल 02 02 04 08
मिजोरम 02 00 01 03
बिहार 01 05 03 09
तेलांगना 01 02 04 07
मेघालय 01 02 02 05
पुडुचेरी 00 01 01 02
नागालैंड 00 00 02 02
सिक्किम 00 00 02 02