बेटे की विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर बिजनौर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली क्षेत्र की महिला से 23.59 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी है कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुराने कानून आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तहरीर में डाकपत्थर निवासी ममता चौहान ने बताया कि उनके बेटे ओजस चौहान ने देहरादून से होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा किया है। चार वर्ष पहले उनके बेटे का संपर्क उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के अल्हैयापुर निवासी नीरज उर्फ साहिल के साथ हुआ था। नीरज ने उनके बेटे को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। विश्वास दिलाया कि वह कई लोगों की विदेश में नौकरी लगवा चुका है। शिकायतकर्ता ने बताया कि नीरज ने उन्हें और उनके पुत्र से कहा कि सभी कागजात वह स्वयं तैयार करवा लेगा, जिसके लिए उन्हें पैसा देना होगा। उन्होंने अलग-अलग तिथियों में उसे 23 लाख 59 हजार 400 रुपये दे दिए।
