त्यूणी क्षेत्र की देवघार रेंज में लगी भीषण आग ने विकराल रूप लेते हुए आसपास के सेब और अन्य फलों के बगीचों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से 12 से अधिक किसानों के करीब साढ़े छह हेक्टेयर क्षेत्र में फैले बाग जलकर राख हो गए। चार ग्रामीणों की आवासीय छानियां भी जल गईं।
ग्राम प्रधान अमिता पंवार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे जंगल में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती हुई निजी बगीचों तक पहुंच गई। वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम ने सुबह दस बजे तक आग पर काबू पा लिया था, लेकिन शाम करीब सात बजे आग फिर भड़क गई। इसके बाद पूरी रात ग्रामीणों और वनकर्मियों ने मोर्चा संभाले रखा और बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
ग्रामीणों और वनकर्मियों ने पेड़ों की टहनियों, मिट्टी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। लेकिन तब तक करीब दो हजार फलदार सेब के पेड़ जल चुके थे।
उधर, नायब तहसीलदार सरदार सिंह ने लगभग साढ़े छह हेक्टेयर क्षेत्र में आग लगने की पुष्टि की और बताया बागवानों और ग्रामीणों को हुए क्षति का आकलन करने के लिए राजस्व उप निरीक्षक को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर उचित आर्थिक सहायता की संस्तुति कर उच्चाधिकारियों भेजी जाएगी।