कद्दूखाल में खुदाई के चलते निर्माणाधीन होटल भर-भरा कर गिरा
नई टिहरी। जनपद टिहरी की तहसील धनोल्टी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 707ए पर कद्दूखाल क्षेत्र में होटल निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसक गया। जिसमें निर्माणाधीन एक होटल भर-भरा कर गिरा है। हालांकि समय रहते एहतियाती कदम उठाए जाने से बड़ा हादसा टल गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि पहाड़ी खिसकने की आशंका को देखते हुए घटना से पहले ही खतरे की जद में आ रहे दो रेस्टोरेंट, कुछ खोखों और मजदूरों की झुग्गियों को खाली करा लिया गया था। इससे किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। बताया कि ग्राम उनियालगांव पट्टी सकलाना तहसील धनोल्टी के स्थान कदूखाल नामे तोक मे निजी भूमि पर विक्रम सिंह गुसांई पुत्र बचन सिंह ग्राम स्यूल पट्टी बमुण्ड तहसील टिहरी जिला टिहरी गढवाल के द्वारा होटल निर्माणाधीन होटल के लिए खुदाई की जा रही थी। बीती 8 जुलाई से हो रही निरंतर बारिश के चलते इनका निर्माणाधीन होटल बीती शाम को भर-भरा कर गिर गया। इनका एक पुराना निष्प्रयोज्य कमरा (टीन शेड युक्त) पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। इस भूमि से लगे हुये शीशराम, दौलतराम निवासी ग्राम उनियालगांव की दुकान व रेस्टोरेन्ट खतरे की जद में है । इसके अतिरिक्त बुद्धि प्रसाद निवासी उनियालगांव के 03 छोटे खोखे (टीन शैड से निर्मित) एवं चतर सिंह पुत्र कृपाल निवासी ग्राम नवागांव सकलाना के 4 छोटे खोखे (टीन शेड से निर्मित) भी खतरे की जद में है। यहां दुकान, रेस्टोरेन्ट एवं खोखो को खाली कर निर्माण में लगे मजदूरों को भी घटना से पूर्व ही सुरक्षा की दृष्टि से शिफ्ट करा दिया गया था। राजस्व विभाग नुकसान का आंकलन की रिपोर्ट तैयार कर रहा है।
