आपदा

मंत्री श्री मदन कौशिक ने प्रभावित क्षेत्र मोरी का हेली सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनपद उत्तरकाशी की तहसील मोरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम पवाणी में हुए अग्निकांड के बाद राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने प्रभावित क्षेत्र का हेली सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उपाध्यक्ष श्री विनय रुहेला तथा सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन भी उपस्थित रहे।

आपदा प्रबंधन मंत्री श्री मदन कौशिक ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं सहायता कार्य शुरू कर दिए गए। जिलाधिकारी उत्तरकाशी सहित पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस तथा जिला पूर्ति विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा अस्थायी हेलीपैड का निर्माण किया गया है। गांव में सामुदायिक किचन की व्यवस्था कर प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को सुचारु रखा गया है। प्रभावित परिवारों के लिए गांव के प्राथमिक विद्यालय में स्टोर रूम को राहत सामग्री के भंडारण तथा आवश्यकतानुसार शेल्टर के रूप में उपयोग किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की आवश्यकता के अनुसार अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

प्रभावित परिवारों की तत्काल आवश्यकताओं को देखते हुए राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें कंबल, जैकेट, गमछे, टेंट, बर्तन सेट, गैस चूल्हे, हाइजीन किट, बाल्टी, गद्दे, बेडशीट, तकिया, कंबल एवं टॉर्च सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है। इसके अतिरिक्त तहसील मोरी की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, नमक, आलू, सोयाबड़ी तथा तिरपाल आदि आवश्यक खाद्य एवं राहत सामग्री की व्यवस्था की गई है। आपदा प्रबंधन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा, भोजन, पेयजल, आवासीय व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र में स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा राहत कार्यों के साथ-साथ प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं की जा रही हैं। राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग द्वारा भी जिला प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button