दिनांक 10 अगस्त 2026 को ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज पानी एवं मलबे की चपेट में आने से सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में तैनात चालक हवलदार पंकज रुधौला लापता हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस व प्रशासन सहित विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा युद्धस्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
लापता चालक की तलाश के लिए चमोली पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन एवं गढ़वाल राइफल्स की टीमें लगातार अभियान में जुटी रहीं। तमक नाले एवं आसपास के संभावित स्थानों के साथ-साथ नदी के किनारे भी सघन खोजबीन की जाती रही।
सर्च अभियान में सर्च एंड रेस्क्यू डॉग स्क्वॉड, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की विशेष टीमें भी सक्रिय रहीं। दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में संभावित स्थानों की निगरानी एवं सर्चिंग के लिए ड्रोन की भी सहायता ली गई। तेज बहाव, मलबे एवं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार संभावित स्थानों को खंगालती रहीं।
लगातार 12 दिनों तक चले सघन सर्च अभियान के दौरान आज धौलीगंगा नदी के किनारे भलागांव के समीप पंकज रुधौला का शव बरामद कर लिया गया।
शव बरामद होने के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



