प्रेमनगर में उफान में बही क्रेटा कार, दो की मौत
– एसडीआरएफ ने पूरी रात चलाया अभियान, जयपुर के युवक व एक अन्य युवती का शव बरामद
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास बरसाती नाले के तेज बहाव में देर रात एक कार बह गई। हादसे के वक्त कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। एसडीआरएफ ने भारी बारिश के बीच पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक घायल युवती को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि एक युवक और एक अन्य युवती की इस हादसे में मौत हो गई। मृतक एक देहरादून के निजी संस्थान का छात्र बताया जा रहा है।
देर रात घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। अंधेरे और तेज उफनते बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद जवानों ने रातभर सघन सर्चिंग अभियान चलाया। टीम ने घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर एक युवती को घायल अवस्था में ढूंढ निकाला। उसकी पहचान सहज पुत्री गुलशन बवेजा के रूप में हुई है। उसे रेस्क्यू कर इलाज के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, रेस्क्यू टीम ने आगे की सर्चिंग के दौरान कार सवार युवक और एक अन्य युवती का शव भी बरामद कर लिया। मृतक युवक की पहचान 20 वर्षीय अक्षय पुत्र मुकेश, निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। एसडीआरएफ ने दोनों शवों को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया है। प्रेम नगर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक मुकेश थलेड़ी ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
0 0 1 minute read