बारिश में मकान गिरने से मां सहित बेटा-बेटी की मौत। सोमेश्वर तहसील के हवालबाग ब्लॉक के वडयूड़ा में मंगलवार तड़के हुई भारी बारिश से एक मकान भरभराकर गिर गया। घटना में एक ही परिवार की मां-बेटी और बेटा दब गए। जब तक टीमें रेस्क्यू करतीं तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है।
नगर सहित ब्लॉकों में बीती रात से झमाझम बारिश है। नदिया उफान पर हैं और लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह ही भारी बारिश से वडयूड़ा गांव में एक आवासीय मकान भरभराकर गिर गया। जिसमें परिवार के तीन लोग दब गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना पर एसडीआएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत से मलबा हटाया गया, लेकिन तब तक 42 साल की प्रेमा देवी उनकी पुत्री 19 साल की कल्पना और बेटा 18 साल के मनीष की जान जा चुकी थी। घटना के बाद से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रशासन की टीम परिजनों से वार्ता कर रही है।
0 0 1 minute read

