दुर्घटना

बोलेरो खाई में गिरी एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

श्रीनगर। घर में शादी की खुशियां थीं। बारात हंसी-खुशी दुल्हन को लेकर लौट रही थी। हर कोई जश्न में डूबा था, लेकिन रास्ते में हुए एक भीषण हादसे ने पलभर में खुशियों को मातम में बदल दिया। रुद्रप्रयाग जिले के बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटरमार्ग पर पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर लौट रही बारात का बोलेरो वाहन हनुमान मंदिर के समीप अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। घायलों को बेस चिकित्सालय श्रीकोट में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही शादी की खुशियों में शामिल परिवार और रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई। बेस अस्पताल में घायल बहन की देखरेख के लिए पहुंचे संजय भट्ट ने बताया कि वह अपने ताऊ के बेटे प्रदीप की बारात लेकर घर लौट रहे थे। बारात में सभी लोग बेहद खुश थे और रास्तेभर जश्न का माहौल था। उन्होंने बताया कि वह दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो से आगे चल रहे थे। रांसी से करीब 10 किलोमीटर पहले हनुमान मंदिर के समीप पहुंचने के बाद वह लगभग आधा किलोमीटर आगे निकल गए थे, तभी उनके पास फोन आया कि बारात का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसमें सवार लोग खाई में पड़े हैं। संजय ने बताया कि सूचना मिलते ही वह तुरंत वापस घटनास्थल की ओर लौटे। मौके पर पहुंचे तो आसपास के ग्रामीण घायलों को खाई से निकालने में जुटे थे। वहां आठ वर्षीय वंशिका और एक महिला घायल अवस्था में मिलीं, जबकि खाई में गिरे वाहन के नीचे और अंदर चार लोग मृत मिले। भावुक होते हुए उन्होंने बताया कि हादसे में उनके जीजा, फूफा, मामा और नाना की जान चली गई। एक ही परिवार के चार सदस्यों को खोने से पूरा परिवार सदमे में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button