हरिद्वार। शांतिकुंज स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर शनिवार को आध्यात्मिक और वैचारिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। विश्वविद्यालय में आयोजित शताब्दी समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख डॉ. मोहन भागवत समेत संत-महात्माओं और गायत्री परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह के शुभारंभ अवसर पर आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज, स्वामी विश्वेश्वरानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज, गायत्री परिवार प्रमुख शैल दीदी तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही शताब्दी समारोह की विधिवत शुरुआत हुई।
शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। समारोह में देशभर से आए लोगों ने भाग लिया। संतों और अतिथियों के सानिध्य में हुए कार्यक्रम ने आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक गरिमामय बना दिया।



