जानवर

भालू की दस्तक के बाद वन विभाग की गश्त तेज

पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग की नागदेव पौड़ी रेंज के चवथ ग्रामसभा के गजल्ड गांव में दिनदहाड़े भालू दिखाई देने के बाद वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है। गांव में वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। इससे पहले क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीण परेशान थे। अब भालू की दस्तक से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार वन्यजीवों की मौजूदगी से ग्रामीणों में नाराजगी भी बनी हुई है।
डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि चवथ, गजल्ड, वजली, बाड़ा और बमणी गांव पिछले कुछ समय से वन्यजीवों की दृष्टि से संवेदनशील बने हुए हैं। ठंड का मौसम शुरू होते ही वन्यजीव आबादी के नजदीक आने लगते हैं। इसे देखते हुए वन विभाग ग्रामीणों के सहयोग से सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित गांवों में ग्राम सुरक्षा दल गठित किए जा रहे हैं। इसके तहत 20 से अधिक युवाओं को शामिल कर उन्हें वन विभाग की ओर से आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही वन्यजीवों से बचाव और सतर्कता को लेकर जागरूक किया जाएगा। संवेदनशील गांवों में विभाग की गश्त और निगरानी लगातार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button