क्राइम

90 किलो गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा

90 किलो गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा,
श्रीनगर पुलिस ने 24 घंटे में दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार
एंबुलेंस चालक से पूछताछ के बाद रुद्रप्रयाग और श्रीनगर से दबोचे गए सप्लायर व सह आरोपी
श्रीनगर, संवाददाता।बीते रविवार को श्रीनगर कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस में 90 किलो गांजा बरामदगी के मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए 24 घंटे के भीतर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी के साथ ही एंबुलेंस चालक के सहयोगी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। आरोपी एंबुलेंस की आड़ में गांजे की तस्करी कर उसे श्रीनगर में महंगे दामों पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाने की योजना बना रहे थे। गौरतलब है कि बीते रविवार को श्रीनगर पुलिस ने आवास विकास ग्राउंड के समीप वाहनों की चेकिंग में ईको एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह निवासी कीर्तिनगर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को सीज कर दिया था।

पूछताछ में खुले तस्करी नेटवर्क के तार

श्रीनगर। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित कर गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और साक्ष्य संकलन शुरू किया गया।पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारी मिली कि एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह और रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू ने रुद्रप्रयाग निवासी विनोद रावत से थोक मात्रा में गांजा खरीदा था। दोनों की योजना गांजे को श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाने की थी। पुलिस टीम ने सूचना और साक्ष्यों के आधार पर विनोद रावत को रुद्रप्रयाग तथा रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। पूछताछ में रविन्द्र कठैत ने पुलिस को बताया कि वह एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह के साथ मिलकर विनोद रावत से थोक मात्रा में गांजा खरीदता था। इसके बाद गांजे को श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। आरोपियों ने तस्करी के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल इसलिए किया क्योंकि उन्हें लगता था कि एंबुलेंस पर सामान्य वाहनों की अपेक्षा कम संदेह किया जाता है और मानवीय संवेदनाओं के कारण ऐसे वाहनों की जांच भी कम होती है। पुलिस की सतर्कता के चलते तस्करों की यह योजना धरी रह गई और 90 किलो गांजा बरामद होने के बाद पूछताछ के आधार पर सप्लाई नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपियों तक पुलिस पहुंचने में सफल रही। पुलिस टीम में टीम में पंकज तिवाड़ी, राजेश असवाल, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, जय प्रकाश खत्री और दिनेश नेगी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button