एनआईटी सुमाड़ी में हुड़दंग करने पर 15 लोगों के खिलाफ कार्रवाई
पौड़ी । सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में हुड़दंग करने के आरोप में 15 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में धारा 81 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालान किया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में सार्वजनिक स्थलों एवं थाना क्षेत्रों में हुड़दंग करने वाले व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि एनआईटी सुमाड़ी में कार्यरत कुछ मजदूरों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग किया जा रहा था। बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हुड़दंग कर रहे 15 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कोतवाली श्रीनगर लाया गया। पूछताछ के बाद सभी के विरुद्ध धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। बताया कि हुडदंग करने वालों में रवि कुमार, प्रदीप कुमार, अक्षय कुमार, मिथलेश कुमार, अजीत कुमार, संजय कुमार, शेखर कुमार, विजेन्द्र कुमार, पंचम कुमार, रेशलाल मंडल, मनीश कुमार, दीपेन्द्र सिंह कुमार, सुमन, प्रशांत कुमार और सूरज शामिल हैं।बताया कि अधिकांश बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं, जबकि कुछ नेपाल के बर्दिया जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में कार्यरत हैं।
0 0 1 minute read