पौड़ी। बुआखाल-रामनगर हाईवे पर शनिवार की रात एक बोलेरो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार बैंक प्रबंधक की मौत हो गई। हादसा पौड़ी के मांडाखाल और पाबौ के बीच रात में हुआ। बैंक प्रबंधक के देर रात तक घर वापस नहीं आने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। बैंक मैनेजर पौड़ी में परिवार के साथ किराए पर रहते थे।
पौड़ी के थाना प्रभारी जयपाल सिंह नेगी ने बताया है कि शनिवार को एसबीआई पाबौ शाखा के बैंक मैनेजर करीब साढ़े 8 बजे रात पाबौ से अपने निजी वाहन में पौड़ी के लिए चले थे, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी थी। इसके बाद पाबौ पुलिस के साथ ही पौड़ी कोतवाली की फोर्स और फायर यूनिट ने खोजबीन शुरू की। रात करीब ढ़ाई बजे पाबौ और मांडाखाल के जंगल में कार हाईवे से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई गिरी मिली। हादसे में बैंक मैनेजर संजीव किलानिया 50 साल पुत्र स्व. बनारसिया दास निवासी सेक्टर 10 गुरुग्राम हरियाणा की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव पीएम के लिए भेज दिया है।
0 0 1 minute read