मुख्यमंत्री

हरिद्वार में कैबिनेट के 13 प्रस्तावों पर मुहर, अग्निवीरों को भर्ती में मिलेगी अतिरिक्त छूट

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार में हुई कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त छूट देने, हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने और बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को मंजूरी देने समेत कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में ऋषिकुल में बन रहे मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान को सोसायटी मोड में संचालित करने और भगवानपुर में प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत बन रही आवासीय परियोजना में सड़क के मानकों में छूट देने के प्रस्ताव भी शामिल रहे।
कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में आए सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। अग्निवीरों को समूह ग के वर्दीधारी पदों की भर्ती में पहले से 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। अब उन्हें लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और निर्धारित न्यूनतम ऊंचाई में भी छूट दी जाएगी।
हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की जाएगी। यहां भारतीय योग, ध्यान और ज्योतिष समेत आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। संस्थान का संचालन सोसायटी मोड में होगा। इसके लिए समिति गठित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। वहीं, हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा इसी साल से मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरुस्कार योजना भी शुरू करने पर मोहर लगी।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने के पीछे उद्देश्य यही है कि जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच लिए जाएं। सभी मंत्रियों ने सामूहिक रूप से इस सोच के साथ बैठक में हिस्सा लिया।
इधर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए आभार जताया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button