तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर रोडवेज कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल
देहरादून। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन से जुड़े चालक और परिचालक शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते प्रदेशभर में विभिन्न मार्गों पर रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित रहा। देहरादून आईएसबीटी में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।
हड़ताल के कारण कई रूटों पर बसें कम चलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बसों का संचालन सुचारू रखने के लिए रोडवेज प्रबंधन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। कर्मचारियों और परिचालकों को ड्यूटी पर बुलाकर बसों में स्टाफ की व्यवस्था की गई और उन्हें अलग-अलग मार्गों पर रवाना किया गया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। अब वे अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की चेतावनी भी दी गई।
0 0 1 minute read
