उत्तरकाशी में पुलिस ने चलाया विशेष सत्यापन अभियान, 450 के किये सत्यापन
38 मकान मालिक सहित 98 पर की कार्रवाई, 3.96 लाख का संयोजन शुल्क वसूला
अपराध तथा संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम हेतु पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में आज उत्तरकाशी पुलिस द्वारा उत्तरकाशी जिला मुख्यालय तथा यमुना वैली के बडकोट में विशेष सत्यापन अभियान चलाकर बाहरी प्रान्तों से जनपद में निवासरत व्यक्तियों, किरायेदार, घरेलू नौकर, मजदूर, फड़-फेरी व रेडी-ठेली लगाने वाले 450 व्यक्तियों के सत्यापन प्रपत्र भरकर जांच हेतु भेजे गये। किरायेदार का सत्यापन न करवाने पर 38 मकान मालिक जबकि अपना सत्यापन न करवाने वाले 65 लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई कर 3.96 लाख का संयोजन शुल्क वसूला गया ।
SP उत्तरकाशी द्वारा बताया गया कि अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बाहरी प्रान्तों से जनपद में निवासरत व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन बेहद जरुरी हैं। सभी से अपील है कि अपने किरायेदारों अथवा घरेलू नौकर, मजदूर आदि के पुलिस सत्यापन अनिवार्य रुप से करवाकर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस द्वारा आगे भी समय-समय पर सत्यापन अभियान चलाया जायेगा, किरायेदार/मजदूरों का सत्यापन न करवाने वालें लोगों पर कार्रवाई की जायेगी।
