भोजावाला में कार से 464 ग्राम चरस बरामद, नशा तस्कर गिरफ्तार
मिर्जापुर से चरस खरीदकर गांव में बेचने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने कार भी की जब्त
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भोजावाला क्षेत्र से 464 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, भोजावाला क्षेत्र में मारुति स्विफ्ट कार (यूके 07 एजेड-4776) में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिली थी। सूचना पर डाकपत्थर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कार के पास मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी पहचान प्रदीप उर्फ सोनू (45) पुत्र मीर सिंह निवासी भोजावाला, विकासनगर के रूप में बताई। पुलिस ने उसकी मौजूदगी में कार की तलाशी ली तो स्टीयरिंग शीट के नीचे रखी पन्नी से 464 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को पांच नवंबर को दोपहर 1:05 बजे गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। बरामदगी के आधार पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा संख्या 347/2026 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चरस मिर्जापुर से खरीदकर लाया था। इसे कार में छिपाकर रखा था, ताकि गांव के लोगों और रास्ते से आने-जाने वालों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचकर अधिक मुनाफा कमा सके। आरोपी ग्राहकों की तलाश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह, कांस्टेबल मनोज भारती और कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह शामिल रहे।
