नेपाल में बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया गायत्री परिवार, शांतिकुंज से राहत सामग्री रवाना
हरिद्वार।
नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार ने राहत अभियान शुरू किया है। आपदा में बड़ी संख्या में परिवारों के घर उजड़ने और जनजीवन प्रभावित होने के बीच शांतिकुंज, हरिद्वार से राहत सामग्री नेपाल भेजी जा रही है। गायत्री परिवार प्रमुख शैल जीजी और उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या के मार्गदर्शन में करीब 50 नेपाली कार्यकर्ताओं और स्थानीय गायत्री परिजनों का सेवाभावी दल प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना हो रहा है।
दल की ओर से आपदा प्रभावित परिवारों तक तिरपाल, राशन, आवश्यक दवाइयां और दैनिक उपयोग की जरूरी सामग्री पहुंचाई जाएगी। गायत्री परिवार के अनुसार यह राहत अभियान केवल सामग्री उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनत्व और संवेदना व्यक्त करने का प्रयास है। गायत्री परिवार की इस सेवा पहल के पीछे पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माताजी भगवती देवी शर्मा की सेवा एवं लोकमंगल की प्रेरणा है। गायत्री परिवार का मानना है कि अध्यात्म की सार्थकता मानव कल्याण और पीड़ितों की सेवा में है। इसी भावना के साथ नेपाल के आपदा प्रभावित परिवारों के बीच राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए गायत्री परिवार ने कहा कि नेपाली भाई-बहनों के संकट में उनके साथ खड़ा होना मानवीय और आत्मीय दायित्व है। तिरपाल, राशन और दवाइयों जैसी सामग्री प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत का माध्यम बनेगी।
शैल जीजी और डॉ. चिन्मय पंड्या ने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

