विधवा ने देवर पर फर्जी बैनामे का आरोप लगाया, केस दर्ज
हरिद्वार।
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर महदूद निवासी विधवा महिला ने अपने देवर पर पुश्तैनी जमीन में निर्धारित हिस्से से अधिक भूमि बेचने और दान पत्र करने का आरोप लगाया है। मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मालती देवी पत्नी स्व शीशपाल निवासी सलेमपुर महदूद ने कोर्ट में शिकायत पत्र देकर बताया कि खसरा संख्या 1880 की भूमि में ससुर बनियान सिंह के चार बेटों शीशपाल, ब्रजभूषण, अर्जुन और ऋषिपाल का बराबर हिस्सा है। पीड़िता के पति शीशपाल की मृत्यु के बाद भूमि में पत्नी और दो बच्चों का अधिकार बनता है। आरोप है कि देवर ब्रजभूषण के हिस्से में 21,131 वर्ग फुट भूमि आने के बावजूद उसने विभिन्न लोगों के नाम कुल 22,476 वर्ग फुट के बैनामे किए। साथ ही 3,115 वर्ग फुट का दान पत्र अपनी पत्नी के नाम कर दिया। शिकायत में पीड़िता ने कुल 25,591 वर्ग फुट भूमि हस्तांतरित करने और 4,460 वर्ग फुट अतिरिक्त जमीन बेचने का आरोप देवर पर लगाया है। आरोप है कि जमीन को लेकर विरोध करने पर देवर ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।