चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नंदानगर और थराली से लापता दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, एक अभियुक्त गिरफ्तार
चमोली पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं की गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए नंदानगर एवं थराली क्षेत्र से लापता दो बालिकाओं को अलग-अलग स्थानों से सकुशल बरामद किया है। नंदानगर पुलिस ने मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
नंदानगर पुलिस ने पिथौरागढ़ से बालिका को किया बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार
दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को एक महिला द्वारा थाना नंदानगर में अपनी नाबालिग पुत्री के 19 अक्टूबर की रात्रि से लापता होने की सूचना दी गई। तहरीर के आधार पर थाना नंदानगर में मु0अ0सं0 30/2026, धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज एवं सीडीआर का विश्लेषण कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं और त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्रेम प्रकाश कुमार, निवासी ग्राम गुइंया, थाना बलुवाकोट, जनपद पिथौरागढ़, उम्र 19 वर्ष को उसके गांव से गिरफ्तार किया। साथ ही नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत परिजनों के सुपुर्द किया गया। विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में धारा 64(1) बीएनएस एवं धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
थराली पुलिस ने एसओजी की मदद से देहरादून से बरामद की नाबालिग
वहीं, दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को थाना थराली में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के 01 अक्टूबर को कॉलेज जाने के लिए घर से निकलने के बाद वापस न लौटने की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर थाना थराली में मु0अ0सं0 32/2026, धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। बालिका की तलाश के लिए उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसओजी की सहायता से मोबाइल नंबर की सीडीआर एवं लोकेशन का विश्लेषण करते हुए सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को बालिका को देहरादून क्षेत्र से सकुशल बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस टीम
थाना नंदानगर
अपर उपनिरीक्षक नवीन पंवार
कांस्टेबल शोभन सिंह
महिला कांस्टेबल पूजा
थाना थराली एवं एसओजी
उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार भारती — थाना थराली
कांस्टेबल आशुतोष तिवारी — एसओजी
कांस्टेबल रजत — एसओजी
महिला होमगार्ड शिवानी जोशी