कुंभ निर्माण कार्यों का मुख्य सचिव ने लिया जायजा
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए शासन स्तर पर निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी गई है। मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से निर्माण की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और आगामी कुंभ की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्य सचिव के निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, मेला अधिकारी सोनिका, आईजी (कुंभ) डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर, एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कुंभ मेला क्षेत्र में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की जानकारी मुख्य सचिव को दी।