डोईवाला – वार्ड नंबर चार के तरली जौली क्षेत्र में रविवार सुबह करीब पांच बजे हाथी ने पंचम सिंह सिंधवाल की चाहरदीवारी तोड़ दी। घटना से क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को नुकसान का मुआवजा दिलाने और आबादी क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
वार्ड सभासद अरुण सोलंकी ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही से लोगों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। वन विभाग को नियमित गश्त बढ़ाने के साथ क्षतिग्रस्त चाहरदीवारी का आकलन कर प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई करनी चाहिए।
सामाजिक कार्यकर्ता विनीत मनवाल ने कहा कि हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। वन विभाग को ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही प्रभावित परिवार को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
थानो रेंजर एनएल डोभाल ने कहा कि हाथी द्वारा चाहरदीवारी तोड़े जाने के मामले में नियमानुसार नुकसान का आकलन कराया जाएगा। प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक न जाएं और उसे भगाने का प्रयास न करें। हाथी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।