हरीश रावत की भाजपा सरकार को कमीशन बैठा कर जांच कराने की चुनौती
हरिद्वार।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार में हिम्मत है, तो उनकी जांच के लिए कमीशन बैठाया जाए। कमीशन में ईडी, सीबीआई समेत सभी जांच एजेंसियों को शामिल किया जाए। इसके साथ उनके कार्यकाल के कामों की भी जांच करा ली जाए। कहा कि यदि हिम्मत है, तो कमीशन बैठाओ।
रविवार को इस्तीफे की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत काफिले के साथ हरिद्वार पहुंचे। इससे पहले मुजफ्फरनगर रामपुर तिराहे के शहीद स्मारक पहुंच कर रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए हरिद्वार में शिवमूर्ति घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। मीडिया से बातचीत के दौरान हरीश रावत ने कहा कि लंबी बीमारी के बाद वो लौटकर वापस आए हैं। उन्हें बचाने के लिए डॉक्टरों और धरती मां के आशीर्वाद का कौशल था। इसलिए उन्होंने सोचा कि रामपुर शहीद स्मारक पर शहीदों का धन्यवाद अदा करूं। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर चुनाव से पहले उनके घर पर रश्म के तौर पर सीबीआई आती थी। लेकिन इस बार चुनाव से पहले सीबीआई तो नहीं आई, लेकिन उन्होंने ईडी को उनके निजी सचिव के घर भेज दिया। कहा कि ईडी, सीबीआई का झंझट छोड़ कर सरकार को एक कमीशन बैठाना चाहिए। उस कमीशन में ईडी, सीबीआई समेत सारे डिपार्टमेंट शामिल कर दो। इसके साथ ही हरीश रावत ने कहा कि वो पार्टी के आदेश के अनुसार चलने वाले व्यक्ति हैं। अभी जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलेंगे और उनकी अनुमति लेकर पार्टी का काम करेंगे।
