नर्सिंग एकता मंच ने चयन बोर्ड के अधिकारियों से की मुलाकात, 55 पदों पर एक सप्ताह के भीतर जारी होगी वेटिंग लिस्ट
देहरादून।
नर्सिंग भर्ती से जुड़े महत्वपूर्ण मामले को लेकर नर्सिंग एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के अधिकारियों से मुलाकात की।
इस दौरान मंच की ओर से 18 दिसंबर 2025 को जीते गए मामले के संबंध में चर्चा करते हुए लंबित 55 पदों की वेटिंग लिस्ट जल्द जारी करने की मांग रखी गई।
मंच के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष कहा कि न्यायालय के निर्णय के बाद अभ्यर्थियों को लंबे समय से वेटिंग लिस्ट का इंतजार है। मुलाकात के दौरान चयन प्रक्रिया और वेटिंग लिस्ट जारी करने की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई।
नर्सिंग एकता मंच के अनुसार, अधिकारियों की ओर से 55 पदों पर वेटिंग लिस्ट लगभग एक सप्ताह के भीतर जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
मंच ने कहा कि वेटिंग लिस्ट जारी होने से लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।
मंच ने कहा कि वह नर्सिंग अभ्यर्थियों के हितों से जुड़े मामलों को लगातार संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाता रहेगा और लंबित मांगों के समाधान के लिए प्रयास जारी रखेगा।