🚨ऋषिकेश: महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद
ऋषिकेश। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने ऋषिकेश क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर 2 और 3 नवंबर 2026 को चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान विभागीय टीम ने महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में करीब पांच पेटी अंग्रेजी शराब सहित बीयर और अन्य शराब बरामद की गई।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने हरिपुर कलां, कृष्णा नगर कॉलोनी, छिद्दरवाला और गुमानीवाला क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया।
अभियान के तहत 2 नवंबर की रात हरिपुर कलां में दबिश दी गई। इस दौरान एक महिला और एक पुरुष को हरियाणा ब्रांड की दो पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, 3 नवंबर को दो अन्य आरोपियों को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया। इनके कब्जे से 40 बीयर, अंग्रेजी शराब के 60 पव्वे और 10 हाफ बरामद किए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार, दोनों दिन की कार्रवाई में कुल मिलाकर करीब पांच पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर पुत्र हरीश निवासी हिसार (हरियाणा), प्रीति पत्नी सुनील निवासी हरिपुर कलां (ऋषिकेश), चंद्रप्रकाश कांता प्रसाद निवासी हरिपुर कलां (देहरादून) और ओमप्रकाश पुत्र दिलीप सिंह निवासी थानों, रायवाला (देहरादून) के रूप में हुई है।
चारों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।