हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आर्य नगर स्थित पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्य के आवास का घेराव करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। धक्का-मुक्की के बीच ज्योति रौतेला समेत कुछ महिला नेत्रियां सड़क पर गिर गईं। पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति नियंत्रित की।
विनोद आर्य के आवास के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही महिला कांग्रेस की नेत्रियां और कार्यकर्ता आवास की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। प्रदर्शनकारियों ने विनोद आर्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी चैट सार्वजनिक कर अंकिता का चरित्र हनन किया है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद इस तरह चैट सार्वजनिक करना निजता का उल्लंघन है। उन्होंने विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई में महिला कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
गौरतलब है कि रविवार को विनोद आर्य मीडिया के सामने आए थे और उन्होंने मामले से जुड़ी कुछ चैट सार्वजनिक की थीं। इसके बाद सोमवार को पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने अंकिता के परिवार के समर्थन में नगर कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया था। महासभा ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मंगलवार को महिला कांग्रेस के घेराव और प्रदर्शन से मामला एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया। ज्योति रौतेला ने बताया कि वह प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष भी रखेंगी।
0 0 1 minute read