आंदोलन

मानदेय वृद्धि की मांग पर अड़ीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सीएम आवास कूच

देहरादून। मानदेय बढ़ाने और अपनी लंबित मांगों की लगातार हो रही अनदेखी से नाराज ‘आंगनबाड़ी कार्यकर्ती संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड’ ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास का कूच किया। हालांकि, सीएम आवास की ओर बढ़ रहे मोर्चे को भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने हाथी बड़कला के पास ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। आगे बढ़ने पर अड़ीं प्रदर्शनकारी महिलाओं और पुलिस के बीच इस दौरान तीखी नोकझोंक और भारी धक्का-मुक्की देखने को मिली।
रेखा नेगी और सुशीला खत्री के नेतृत्व में जुटीं कार्यकर्ताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। ज्ञात हो कि मोर्चे ने 30 सितंबर को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर 15 दिन का समय दिया था। कोई सुनवाई न होने पर 19 अक्टूबर से प्रदेश भर की आंगनबाड़ी वर्करों ने पोषण ट्रैकर और बीएलओ जैसे सभी ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर रखा है।
संगठन ने चेतावनी दी थी कि यदि 10 दिन के भीतर मानदेय नहीं बढ़ाया गया, तो 2 नवंबर को सीएम आवास का घेराव किया जाएगा। इसी क्रम में आज गीता चौहान, मधु पुंडीर, तनु लांबा और रीना देवी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं। मोर्चे ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार मानदेय वृद्धि पर ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन और कार्य बहिष्कार इसी तरह जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button