Ib के अधिकारी को गोली मारने वाले ड्राइवर को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया घटना की जांच की जा रही है। घायल अधिकारी खतरे से बाहर है।
धर्मनगरी हरिद्वार में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने गोली चला दी। गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल नौटियाल को हायर सेंटर एम्स भेजा गया है जबकि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीपी नौटियाल हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो के एसपी के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि उनका चालक उनसे किसी बात को लेकर नाराज चल रहा था। इसी नाराजगी के चलते चालक ने कथित तौर पर एसपी पर गोली चला दी। गोली उनके माथे के पास से निकलने के कारण उन्हें गंभीर चोट आई है। एसएसपी नवनीत का कहना है कि घटना के बाद चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है जबकि घायल अधिकारी खतरे से बाहर है उन्हें उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है।