देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता।
अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने के मामले में गुरुवार सुबह दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य राजपुर थाने पहुंचे। यहां पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह स्वयं आए हैं।
यदि उन पर कोई मामला बनता है तो वह गिरफ्तारी देने को तैयार हैं। थाना परिसर में विनोद आर्य ने नार्को टेस्ट की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि वह खुद नार्को टेस्ट कराने को तैयार हैं और पुलकित भी इसके लिए तैयार है। उन्होंने पुष्पदीप, अंकिता के माता-पिता समेत उन सभी का नार्को टेस्ट कराने व कार्रवाई की मांग की, जिन पर उन्होंने चैट के हवाले से अंकिता से अन्याय व प्रताड़ना के आरोप लगाए। कहा कि बेटी को सही न्याय दिलाने के लिए सभी का नार्को टेस्ट होना चाहिए।
वहीं, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि एफआईआर से जुड़ा घटनाक्रम हरिद्वार का है। केस जांच के लिए हरिद्वार ट्रांसफर कर दिया गया है। इसकी जानकारी दोनों पक्षों को उपलब्ध करा दी गई है।
बता दें कि बुधवार को अंकिता की मां सोनी देवी की तहरीर पर राजपुर थाने में विनोद आर्य व अधिवक्ता अनुज पुंडीर पर जीरो एफआईआर दर्ज हुई थी।