नई टिहरी।चंबा नगर पालिका क्षेत्र के बुरांसबाड़ी वार्ड की एक महिला से साइबर ठगी कर 13 लाख रुपये हड़पने वाले आरोपी को पुलिस ने जयपुर राजस्थान से गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
चंबा की बुरांसबाड़ी निवासी एक महिला ने बीते अक्टूबर माह में ऑनलाइन शॉपिंग एप से 500 रुपये की कुर्ती का विज्ञापन देखकर आर्डर कर दिया।ऑर्डर के कुछ दिन बाद महिला के व्हाट्सएप मैसेंजर पर साइबर ठगों ने महिला को मैसेज भेजा कि उनका आर्डर कहीं फंस गया है। इसलिए इसे पाने के लिए एक हजार रुपये और डालने होंगे।
पुलिस की मीडिया सेल ने बताया कि महिला ने 1 हजार रुपये उनके बताए खाते में क्रेडिट कर दिए। उसके बाद साइबर ठगों ने महिला को अपने जाल में कुछ तरह से फंसाया कि महिला ने 3 लाख रुपये गंवा दिए। साइबर ठगों ने महिला को झांसा दिया कि उसका पैसा कंपनी में लगाया गया है और जल्द ही उसे दोगुनी रकम वापस मिलेगी।भरोसा जताने के लिए साइबर ठगों ने महिला के खाते में दस हजार रुपये भी डाल दिए। जिससे महिला चंगुल में फंस गई और उसने 10 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि उक्त खाते में डाल क्रेडिट कर दी। बाद में महिला को पता चला कि साइबर ठगी का शिकार हो गई है। जिसके बाद पीड़िता ने चंबा थाने में मुकदमा दर्ज कराया।पुलिस ने मामला साइबर सेल के पास भेजा।एसएसपी सरिता डोबाल ने बताया कि टिहरी पुलिस टीम ने बरवा वस्सी,जयपुर राजस्थान से एक आरोपी गुलशन मीणा को गिरफ्तार किया है। बताया कि आरोपी ही महिला के साथ व्हाट्सएप चैट कर रहा था। एसएसपी सरिता ने सभी लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक,वेबसाइट और ऐप पर कोई विश्वास न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस अथवा टोल फ्री नंबर पर शिकायत करें।आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव थपलियाल,अजयवीर,राहुल,सुबोध आदि शामिल थे।
0 0 1 minute read