शादी समारोह में मामूली बात पर भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे, वाहनों में तोड़फोड़
हरिद्वार। लक्सर हरिद्वार राजमार्ग पर जगजीतपुर स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित शादी समारोह उस समय जंग का मैदान बन गया, जब मामूली बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट के दौरान गुस्साई भीड़ ने वाहनों को भी निशाना बनाया। घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है। अब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शादी समारोह के दौरान कुछ लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। विवाद के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला कनखल थाना क्षेत्र का है। कनखल पुलिस के मुताबिक घटना को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो के आधार पर मारपीट और वाहनों को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।