निर्जला एकादशी पर स्नान को उमड़े लोग
हरिद्वार। निर्जला एकादशी के अवसर पर गुरुवार को हरकी पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।
हरकी पैड़ी, ब्रह्मकुंड, मालवीय घाट, सुभाष घाट समेत आसपास के सभी प्रमुख घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। कई श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को अन्न, फल एवं अन्य सामग्री का वितरण भी किया।
निर्जला एकादशी को लेकर हरिद्वार में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा तथा श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और स्नान कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
गंगा तट “हर-हर गंगे” और “जय श्री हरि” के जयघोषों से गूंजता रहा।




