ऋषिकेश सिक्स लेन परियोजना में पेड़ कटान स्थगित
देहरादून।
ऋषिकेश सिक्स लेन सड़क परियोजना में पेड़ों के कटान को सीएम पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर स्थगित कर दिया गया है। सीएम धामी ने वन विभाग के अफसरों को पहले सभी हितधारकों के साथ जनसंवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में विकास जरूरी है, लेकिन स्थानीय जनभावना, पर्यावरण हितों की अनदेखी नहीं होगी। परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई नागरिक, पर्यावरण प्रेमियों, स्थानीय लोगों की ओर से व्यक्त की जा रही चिंताओं और सुझावों का गंभीरता से संज्ञान लिया है। कहा कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एक महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है। जिस पर माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों और सभी आवश्यक वैधानिक, पर्यावरणीय स्वीकृतियों, प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी।
परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास, छोटे वन्यजीवों के आवागमन को विशेष कल्वर्ट जैसी व्यवस्थाओं का भी प्रावधान किया गया है। जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष, सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मृत्यु की घटनाओं में कमी लाने में सहायता मिलेगी। जो अक्सर इस रास्ते में देखा जाता है। सीएम धामी ने कहा कि जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। प्रमुख सचिव वन समेत अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों से दोबारा विस्तृत संवाद स्थापित किया जाए।
उच्च न्यायालय के निर्देशों और निर्णय का पूर्ण सम्मान करते हुए आगे की कार्यवाही की जाएगी। जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति, विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक इस परियोजना में आने वाले पेड़ों का कटान स्थगित रखा जाएगा। मेरे लिए उत्तराखण्ड की प्रकृति, जनभावनाएँ और प्रदेश का विकास, तीनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। हमारी सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित के आधार पर ही आगे बढ़ेगी।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री