प्रदेश में चल रहे SIR अभियान के दृष्टिगत दस्तावेजों के ससमय सत्यापन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी. वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विभिन्न विभागों के साथ आज सचिवालय में बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों के निदेशक एवं उच्च अधिकारियों को राज्यस्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त करने के साथ ही मतदाताओं द्वारा सुनवाई के दौरान प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
CEO ने निर्देश दिए कि आयोग द्वारा निर्धारित 11 दस्तावेजों में मुख्य रुप से शैक्षिक प्रमाण पत्र/ स्थायी निवास / जाति प्रमाण पत्र / जन्म प्रमाण पत्र / परिवार रजिस्टर जैसे अभिलेखों को सत्यापित करने के लिए ससमय कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में तैनात नोडल अफसरों के साथ समन्वय बनाते हुए राज्य स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग की जाए।
मैट्रिकुलेशन/शैक्षिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन हेतु निदेशक, माध्यमिक शिक्षा एवं निदेशक, उच्च शिक्षा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। स्थायी निवास/जाति प्रमाण पत्रों/भवन आवंटन प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए राजस्व परिषद, जन्म प्रमाण पत्र हेतु निदेशक शहरी विकास एवं निदेशक स्वास्थ्य को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही परिवार रजिस्टर/भवन आवंटन हेतु निदेशक पंचायतीराज एवं विभिन्न विभागों की ऑन लाइन सेवा हेतु निदेशक आईटीडीए को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी सहित उच्च शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, शहरी विकास विभाग, पंचायतीराज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग एवं आईटीडीए के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
