अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, तीन घायल
कलियर। हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे दो बाइकों पर सवार चार युवकों को शनिवार सुबह भगवानपुर बाईपास पर हकीमपुर तुर्रा गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में रह रहे उत्तर प्रदेश के चार युवक शनिवार को दो बाइकों पर सवार होकर हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। भगवानपुर बाईपास पर हकीमपुर तुर्रा गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में नन्हे लाल पुत्र चेतराम (32) निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बृजपाल पुत्र रामपाल (40) निवासी फरीदपुर, बरेली और साहिब सिंह पुत्र जगदीश (33) निवासी बिजौली, बदायूं गंभीर रूप से घायल हो गए। संदीप पुत्र जगदीश निवासी बिजौली, बदायूं को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। साथ ही घायलों और मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी जा रही है।
0 0 1 minute read
