आपदा

पशुओं को चराने गई 22 वर्षीय युवती को घेरकर ततैयों ने मारे कई डंक

चकराता में चरवाहा किशोरी पर ततैयों के झुंड का हमला, गंभीर रूप से घायल

-पशुओं को चराने गई 22 वर्षीय युवती को घेरकर ततैयों ने मारे कई डंक
चकराता। तहसील चकराता अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटऊ में शनिवार दोपहर पशुओं को चराने गई 22 वर्षीय किशोरी पर ततैयों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। ततैयों के लगातार डंक मारने से किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उसे ततैयों के झुंड से बचाया और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता पहुंचाया। जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम छोटऊ निवासी गार्गीगी जोशी (22) पुत्री दिनेश जोशी शनिवार दोपहर अपने पशुओं को लेकर गांव के समीप चराने गई थी। बताया गया कि जिस स्थान पर वह पशुओं को चरा रही थी, उसके पास ही ततैयों का छत्ता मौजूद था। अचानक ततैयों के झुंड ने किशोरी पर हमला कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ततैयों ने उसे घेर लिया और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर डंक मारना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराई किशोरी ने मदद के लिए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ततैयों को हटाकर किशोरी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए बिना देरी किए निजी वाहन से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. विपिन तोमर ने किशोरी का उपचार शुरू किया। ततैयों के डंक से उसके शरीर के कई हिस्सों में सूजन और चोट बताई जा रही है। चिकित्सकों की ओर से उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी भय का माहौल है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से गांव और आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों में मौजूद ततैयों के छत्तों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते छत्तों को हटाया गया तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता के प्रभारी डॉ. विपिन तोमर ने बताया कि युवती पर ततैयों ने काफी संख्या में हमला किया है। उसका उपचार किया जा रहा है और फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवती जल्द स्वस्थ हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button