कर्जमाफी के लिए किसानों का डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन
-गन्ने का समर्थन मूल्य 700 रुपये क्विंटल तक बढ़ाने की मांग उठाई
देहरादून। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने शनिवार को कर्जमाफी समेत 11 सूत्रीय मुद्दों को लेकर डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला प्रशासन के जरिये राष्ट्रपति को ज्ञापन भिजवाया।
भाकियू कार्यकर्ता शनिवार को रैली की शक्ल में कलक्ट्रेट परिसर तक पहुंचे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि किसान लंबे समय से विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठा रहे हैं, पर प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। सिंचाई और बिजली से जुड़ी समस्याएं भी लंबित हैं। उन्होंने गन्ने का समर्थन मूल्य 700 रुपये प्रति क्विंटल करने के साथ कर्ज माफी, ट्यूबवेल के लिए मुफ्त बिजली और घरेलू उपयोग के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली दिलाने जाने की मांग उठाई। इस मौके पर गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, गन्ना समिति उपाध्यक्ष हरभजन सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अश्वनी बहुगुणा, पछुवादून जिलाध्यक्ष राजू तोमर, रवि सैनी, गौरव सिंह सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।
सरकार से मालिकाना हक भी मांगा
भाकियू ने कहा कि वर्षों से भूमि पर काबिज किसानों को मालिकाना हक भी दिया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त हो। फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के सरलीकरण के साथ तहसीलों में लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण हो। नहरों की सफाई और स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक की मांग भी की। सोलर पैनल सब्सिडी योजना बहाल की जाए। दलितों के कथित उत्पीड़न को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।